सरूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला से मिलने आए उसके प्रेमी को पति ने कमरे में बंद कर दिया और पुलिस बुला ली। थाने में चले ड्रामे के बीच जब पत्नी प्रेमी के संग जाने की जिद पर अड़ी रही तो उसके पति ने भी अपनी जान का खतरा जताते हुए उसे प्रेमी के साथ जाने के लिए कह दिया। पति बोला कि उसके पिता नहीं हैं, उसे डर है कि कहीं उसकी पत्नी नीले ड्रम वाली मुस्कान की तरह ही कहीं उसकी हत्या न कर दे। इसके बाद समाज के लोगों ने महिला को उसके प्रेमी के साथ भेज दिया।
मुजफ्फरनगर के एक गांव निवासी युवती की शादी तीन साल पहले मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही महिला का गांव निवासी युवक के साथ प्रेम प्रसंग हो गया। अकसर महिला रात के समय अपने प्रेम को मिलने के लिए बुलाया करती थी।
रविवार रात महिला ने अपने प्रेमी को घर पर बुलाया। इसी बीच उसके पति को किसी के घर में घुसने की भनक लग गई। महिला के पति ने युवक को एक कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस महिला और उसके प्रेमी को थाने ले गई। महिला के पति ने कॉल कर पत्नी के मायके पक्ष के लोगों को भी थाने पर ही बुला लिया।
इस दौरान तीनों पक्षों के लोगों की थाने पर भीड़ जमा हो गई। महिला की करतूत सुनकर उसके मायके पक्ष के लोगों ने भी साथ छोड़ दिया। जबकि महिला के पति ने बताया कि उसके पिता नहीं हैं। वह अपनी विधवा मां का इकलौता सहारा है। उसे डर है कि जिस तरह से मेरठ में नीले ड्रम वाली मुस्कान ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी, कहीं उसकी पत्नी भी अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या न कर दे। इसके चलते उसने भी महिला को अपने साथ ले जाने से इन्कार कर दिया।
घंटों चले ड्रामे के बीच महिला प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। इसके बाद समाज के लोगों ने मजबूरन महिला को उसके प्रेमी के साथ जाने देने का फैसला किया। दोनों पक्षों ने रजामंदी के बाद पुलिस कार्रवाई से इन्कार कर दिया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जानकारी की जा रही है, नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।