साल के विदा होने से पहले पश्चिम उत्तर प्रदेश में ठंड का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है। लगातार कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह और रात के समय ज्यादा कोहरा होने से हाईवे पर निकलना भी मुश्किल हो रहा है। वाहन स्वामियों को लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। बढ़ते कोहरे में वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। कड़ाके की ठंड के कारण लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं।
ठंड से बचाव के लिए अलाव, हीटर और गर्म कपड़ों का सहारा लिया जा रहा है। सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों, बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों को हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे से फिलहाल राहत मिलने की संभावना कम है। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही का कहना है कि अभी कोहरा ऐसे ही रहेगा और सर्दी का सितम बढ़ता जाएगा। नए साल पर भी कोहरे के असर से मौसम सर्द बना रहेगा।
कोहरे से बचाव में यह रखें ध्यान
- गाड़ी चलाते वक्त स्पीड कम रखना, हेडलाइट्स को लो बीम पर रखना, विंडशील्ड पर एंटी-फॉग का इस्तेमाल करना।
- घर के अंदर भी गर्म कपड़े पहनना और कमरों को अच्छे से बंद रखना ज़रूरी होता है। अगर बाहर जाना ज़रूरी हो, तो ध्यान से और सावधानी से कदम बढ़ाना चाहिए।
- आगे चल रहे वाहन से अपनी दूरी बनाकर रखें
- हाईवे पर चलते समय स्पीड नियंत्रण में रखें
- अगर रुकना हो तो गाड़ी को सही जगह पर पार्क करके रुक जाएं और लाइट जलाकर रखें
- अगर कोहरा बहुत ज्यादा है और दृश्यता शून्य हैं तो यात्रा करने से बचें