एमबीबीएस छात्र रोहन ने खुदकुशी से पूर्व वीडियो बनाया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वायरल वीडियो में रोहन कह रहा है कि पापा-मम्मी मैं आपसे माफी मांगना चाह रहा हूं। कुछ दिनों से मैं बहुत ज्यादा तनाव में हूं। मैं बिल्कुल नहीं पढ़ पाया हूं, एमबीबीएस में फेल भी हो जाऊंगा। मैंने बहुत कोशिश की सबकुछ संभालने की, लेकिन नहीं संभाल पाया। मैं बहुत ज्यादा तनाव में हूं। कर्ज भी बहुत हो गया है कुछ लोगों का। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है।
मेरठ के गंगानगर निवासी रोहन कुमार (26) शहर के कुशवाहा नगर में किराए का मकान लेकर पीलीभीत निवासी पत्नी आकांक्षा के साथ रह रहा था। वह रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र था। रोहन ने गुरुवार को तड़के मकान में दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह हैंगिंग आई थी। रिपोर्ट में पैर के अंगूठे में भी चोट दिखाई गई है। डॉक्टरों का कहना है कि छात्र को बाइक से लाते समय पैर के अंगूठे में चोट लगी है।
चाचा विनय कुमार ने बताया कि रोहन ने अगस्त 2023 में बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। प्रवेश के 15 दिन बाद फोन पर बताया कि कॉलेज में सीनियर छात्र रैगिंग ले रहे हैं। इस वजह से वह घर आना चाहता है। उन्होंने उसे घर आने से मना कर दिया और वहीं रहकर पढ़ाई करने के लिए कहा था। बाद में उसने कुशवाहा नगर में किराए का मकान लिया था।
उसने घर में यह भी बताया था कि सहपाठी छात्रा भी उसके साथ रूम मेट बनकर रह रही है। हालांकि इस बात को छात्र की पत्नी आकांक्षा ने खारिज करते हुए बताया कि मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में रोहन ही अकेले रह सकता था। चूंकि वह दोनों कोर्ट मैरिज कर चुके थे। इसलिए वे किराए पर रह रहे थे।
विवेचक संतलाल सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैगिंग आने से प्रथम दृष्टया खुदकुशी का मामला है। जांच पूरी होने तक छात्र की पत्नी को शहर में रोका गया है।
छात्र व उसकी पत्नी का मोबाइल पुलिस के कब्जे में
पुलिस ने छात्र रोहन और पत्नी आकांक्षा के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। पुलिस दोनों की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।