देहरादून से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक के चचेरे भाई राजकुमार सैनी ने बताया कि कुलदीप मवाना सब्जी मंडी में आढ़ती का काम करते थे। वह 24 जून को किसी कार्य से देहरादून गए थे। उन्होंने दौराला में अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की थी और रेलगाड़ी से देहरादून पहुंचे थे। सोमवार रात लौटने के बाद वह मोटरसाइकिल से मवाना जा रहे थे। इसी दौरान काली नदी पुल के पास यह हादसा हो गया।
परिजनों के अनुसार, दौराला से रवाना होने से पहले कुलदीप ने अपनी पत्नी सपना को फोन कर घर पहुंचने की जानकारी दी थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर पत्नी लगातार उन्हें फोन करती रही, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में पुलिस से हादसे की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक अपने पीछे पत्नी सपना, 11 वर्षीय पुत्र वंश और छह वर्षीय पुत्री तन्वी को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्राधिकारी दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि काली नदी पुल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मृत्यु हुई है। शव को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फरार चालक की तलाश की जा रही है।