टीकाकरण से बच्चों की तबीयत बिगड़ी
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ के एक स्कूल में शुक्रवार को रुबेला वैक्सीन का टीका लगाने के लिए शिविर का आयोजन किया गया। टीकाकरण के दौरान तीन बच्चों ने पेट दर्द और चक्कर आने जैसी शिकायत की। जिस पर स्कूल प्रशासन ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को छुट्टी दे दी गई।
सीएचसी मवाना के तत्वावधान में शुक्रवार को नगर के विद्यादीप ग्लोबल स्कूल में रुबेला वैक्सीन का टीकाकरण करने के लिए शिविर लगाया गया। बताया गया है कि टीकाकरण के दौरान खालिदपुर निवासी अभिनव पुत्र औकेश, पलक पुत्री जितेंद्र निवासी झिंझाड़पुर, भैंसा निवासी कुलसुम पुत्री हसीन जैदी ने टीकाकरण होते ही पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत की। बच्चों की हालत बिगड़ी देख स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
प्रधानाचार्य सैय्यद जिया ने आनन-फानन में बच्चों को सीएचसी मवाना में भर्ती कराया। वहीं मामले की जानकारी मिलने पर बच्चों के अभिभावक सीएचसी पहुंचे। उपचार के बाद बच्चों की हालत में सुधार है। बच्चों की हालत में सुधार देख परिजनों ने राहत की सांस ली। सीएचसी प्रभारी डॉ. अरुण कुमार का कहना है कि बच्चों की तबीयत ठीक है। तबीयत बिगड़ने के कारण की जांच की जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/