फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदमाश के पैर में लगी गोली और हाथ में तमंचा, फोटो खींचने लगे पुलिसकर्मी, वीडियो वायरल

Mon, 12 Nov 2018 09:49 PM IST
यूपी डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
मुठभेड़ में बदमाश घायल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मेरठ के परतापुर में गेझा रोड के जंगल में सोमवार शाम 25 हजार के इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी। बदमाश के हाथ में तमंचा था। लेकिन जोश में आए पुलिसकर्मी तमंचा छीनने के बजाय बदमाश का फोटो खींचने में लग गए। यह देख इंस्पेक्टर परतापुर ने पुलिसकर्मियों को हड़काया तो तमंचा कब्जे में लिया गया। सोशल साइट्स पर वायरल हुए इस वीडियो के बाद मुठभेड़ पर ही सवाल उठने शुरू हो गए। 

विज्ञापन


इंस्पेक्टर परतापुर नीरज मलिक के अनुसार वह पुलिस टीम के साथ मोहिउद्दीनपुर चौकी के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान आकाश उर्फ धीर सिंह ठाकुर निवासी खरदौनी इंचौली बाइक से शहर की तरफ आ रहा था। रोकने का प्रयास करने पर आकाश ने बाइक मोड़कर गेझा गांव की तरफ दौड़ा दी। पुलिस ने आकाश की बाइक के पीछे जीप दौड़ा दी। जंगल में जाते ही आकाश ने बाइक छोड़ी और पुलिस टीम पर फायरिंग करते भागने लगा। जवाबी फायरिंग में पुलिस की एक गोली आकाश के पैर में लगी।
 
इंस्पेक्टर के अनुसार आकाश शातिर अपराधी है। करीब तीन महीने पहले एसएसपी आवास के पास सिंचाई विभाग की कॉलोनी में आकाश ने साथियों के साथ जूनियर इंजीनियर के आवास में दिनदहाडे़ डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की जांच में उसका नाम सामने आया तो वह गायब हो गया था। पुलिस ने इस वारदात में चार आरोपियों को जेल भेजा था। बाद में पता चला कि मुठभेड़ के डर से आकाश गाजियाबाद के पुराने मुकदमे में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

तमंचा लेना भूल गई पुलिस 
पुलिस की गोली लगते ही आकाश नीचे गिर गया। उसके हाथ में तमंचा था। वह पुलिसकर्मियों पर गोली चला सकता था। लेकिन पुलिस वालों को इसकी चिंता नहीं हुई। आकाश के नीचे गिरते ही पुलिसकर्मियों ने उसके फोटो खींचने शुरू कर दिए। पुलिस उसके हाथ से तमंचा लेना भूल गई। इसको लेकर पुलिस की मुठभेड़ पर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। यह फोटो सोशल साइट पर खूब वायरल हो रहा है। 

फिर वारदात की फिराक में था
इंस्पेक्टर नीरज मलिक के अनुसार सिविल लाइन इलाके में जूनियर इंजीनियर के मकान में डकैती डालने वाले आरोपियों का आकाश सरगना था। उसको जानकारी थी कि पुलिस उसकी तलाश में लगी है। लेकिन जेल से छूटकर आकाश फिर वारदात करने की फिराक में परतापुर इलाके में आया था। तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। 

मुठभेड़ होते ही पहुंचे सीओ 
मुठभेड़ की जानकारी लगते ही सीओ ब्रह्मपुरी हरिमोहन सिंह मौके पर पहुंचे। घायल आकाश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इंस्पेक्टर परतापुर ने बताया कि आकाश के खिलाफ मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। उसका पुराना रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें