पुलिस-प्रशासन सहित कई विभागों की संयुक्त टीम ने 31 मार्च 2022 को हाजी याकूब कुरैशी की हापुड़ रोड स्थित मीट फैक्टरी में छापा मारा था। फैक्टरी में अवैध तरीके से मीट की पैकिंग हो रही थी। 10 कर्मचारी मौके से गिरफ्तार किए गए थे।
17 लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में याकूब, उनके बेटे इमरान व फिरोज और मुजीब सहित 17 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। याकूब के गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुके हैं। उन पर 50-50 हजार का इनाम भी घोषित है, लेकिन पुलिस अभी उन्हें गिरफ्त में नहीं ले पाई है।
हाजी याकूब के साथ उनकी पत्नी संजीदा बेगम, बेटे इमरान, फिरोज समेत सात लोगों पर बृहस्पतिवार देर रात खरखौदा थाने में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मुकदमे में याकूब के परिवार के साथ मैनेजर मोहित त्यागी, मुजीब और फैजान को आरोपी बनाया गया था। अब मुजीब की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
वहीं, दबिश के लिए तीन टीमें तैयार की गई हैं। एसपी क्राइम अनित कुमार की देखरेख में भी एक टीम निगरानी कर रही है। पुलिस के मुताबिक अब शहर से बाहर भी पूर्व मंत्री और उनके परिवार के लोगों की तलाश की जा रही है। दूसरे जिलों और राज्यों में दबिश के लिए उच्चाधिकारियों से भी मार्गदर्शन लिया जा रहा है।