गांव नालपुर में आठ माह की गर्भवती रुचि घर पर अकेली थी, सब घरवाले बाहर गए हुए थे। रुचि ने बताया कि दो बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट की। उसे बेहोश कर लूट की वारदात की और फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेरठ में खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव नालपुर में बुधवार को दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर आठ माह की गर्भवती महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की और नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। महिला के मुताबिक बदमाश घर से करीब तीन लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
विज्ञापन
सूचना मिलने पर सीओ किठौर विश्वज्योति राय पुलिस टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घर में टूटी अलमारी समेत अन्य स्थानों से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए। देर शाम तक पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी गई थी।
गांव नालपुर निवासी कुलदीप शर्मा नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी सीमा शर्मा नालपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यरत हैं। उनका बेटा देवांग भी एक कंपनी में नौकरी करता है। करीब डेढ़ वर्ष पहले देवांग का विवाह रुचि के साथ हुआ था। देवांग के पैर में चोट लगी होने के कारण इन दिनों वह घर पर ही रह रहा था। उसकी बहन वैशाली क्षेत्र के एक पब्लिक स्कूल में शिक्षिका है।
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब आठ बजे कुलदीप शर्मा रोजाना की तरह नौकरी के लिए नोएडा चले गए। उनकी पत्नी सीमा आंगनबाड़ी केंद्र चली गईं। उस समय घर पर देवांग और उसकी पत्नी रुचि मौजूद थे। करीब 11 बजे देवांग किसी रिश्तेदारी में हुई मौत की सूचना पर कार लेकर घर से चला गया। घर पर उसकी आठ माह की गर्भवती पत्नी रुचि अकेली रह गई।
रुचि के मुताबिक, करीब 11:30 बजे दो नकाबपोश युवक घर के गेट को फांदकर अंदर दाखिल हुए। दोनों ने उसे बंधक बना लिया। महिला ने जब बदमाशों का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोशी की हालत में चली गई। आरोप है कि बदमाशों ने घर में रखे करीब तीन लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण समेट लिए और फरार हो गए।
दोपहर करीब 12:30 बजे सास सीमा शर्मा आंगनबाड़ी केंद्र से घर पहुंचीं। उन्होंने बहू को बेहोशी की हालत में देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल अपने बेटे देवांग को जानकारी दी और शोर मचाया। कुछ ही देर में आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देवांग भी घर पहुंच गया। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी गई।
सीओ किठौर विश्वज्योति राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। टीम ने टूटी हुई अलमारी और घर के अन्य स्थानों की जांच कर फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और आने-जाने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई।
परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद से रुचि की हालत सामान्य नहीं है और वह पुलिस को पूरी जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं दे पा रही है। उसके चेहरे और हाथों पर चोट के निशान भी बताए जा रहे हैं। पुलिस महिला की हालत और उसके बयान के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
करीब एक घंटे तक गेट के बाहर खड़ी रही कार
घटना के बाद, आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि एक कार करीब एक घंटे तक घर के गेट के बाहर खड़ी रही थी। इससे घटना को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही कार और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सीओ का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।