बदमाशों से बरामद सामान।
- फोटो : अमर उजाला
टीपी नगर थाना क्षेत्र के वेदव्यासपुरी इलाके में बने सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में 9 नवंबर को बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। प्लांट में लगे ट्रांसफार्मर और तार बदमाश खोल कर ले गए। कर्मचारी और अधिकारियों को बंधक बनाकर उनके मोबाइल, नकदी और जेवरात लूट लिए थे।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश में कई टीमें लगी हुईं थी। शुक्रवार रात पुलिस को जानकारी मिली कि बदमाश वेदव्यासपुरी में दूसरी वारदात को अंजाम देने वाले हैं। पुलिस मलियाना बंबे के पास चेकिंग करने लगी। एक ईको वैन को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी गोलीबारी में एक बदमाश सोनू निवासी गांव बना थाना इंचौली मेरठ के पैर में गोली लग गई।
सोनू के अलावा पुलिस ने पप्पन निवासी ग्राम बना थाना इंचौली मेरठ, निसार निवासी सुदामापुरी थाना विजयनगर गाजियाबाद, फरमान निवासी के-ब्लॉक थाना सीलमपुर दिल्ली, बंटी निवासी स्वरूप नगर दिल्ली, जॉनी निवासी गांव बादली जिला झज्जर हरियाणा को पकड़ लिया। ये सभी शातिर किस्म के अपराधी हैं।
सरगना जॉनी उर्फ टुंडा के पूर्व में करनाल हरियाणा में ट्रांसफार्मर चोरी करते समय दोनों हाथ बर्स्ट हो गए थे। यह गैंग कई राज्यों में ट्रांसफार्मर और बिजली के तारों की लूट व चोरी को अंजाम दे चुका है। बदमाशों से लूटा गया साढ़े चार किलो तांबे का तार, दो तमंचे, एक ईको कार और 17 हजार रुपये बरामद हुए हैं। करीब साढ़े तीन साल जेल में रहने के बाद जॉनी और सोनू हाल ही में बाहर आए थे। इनके दो साथी काका बच्चा उर्फ सोनू और गुलाब फरार हैं। उन्हें पुलिस तलाश कर रही है।