वाहनों को अड़ाकर बंद कर दिया रास्ता।
- फोटो : अमर उजाला
गांव रसूलपुर जाहिद निवासी आकाश (22) पुत्र राजवीर और उसका दोस्त गफ्फार (32) पुत्र बंदे निवासी कल्याणपुर मजदूरी पर टेंट लगाने का काम करते हैं। बुधवार को बाइक पर सवार दोनों किसी शादी में काम करने जा रहे थे। जैसे ही कैथवाड़ी स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल डलवा कर किनौनी की ओर मुड़े, तभी किनौनी की ओर से तेज रफ्तार से आ रही यूपी रोडवेज की बस यूपी 17 एटीएस 8592 ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों को कुचलती हुई बस काफी दूर तक घसीट कर खेत में जा घुसी। बाइक सवार दोनों दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक चकनाचूर हो गई।
मौके पर जाम लगाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिवार वालों और ग्रामीणों ने रोडवेज बस में तोड़फोड़ की कोशिश करते हुए रोड पर जाम लगा दिया। मुआवजे की मांग पर अड़ गए। मौके पर हादसे की सूचना पाकर भीड़ जुट गई। वहां से गुजर रहे बाइक सवार को रोडवेज बस चालक समझकर भीड़ ने पीटकर लहुलुहान कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को काफी समझाया, लेकिन वे नहीं माने।
मृतक युवक की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
बाद में कई थानों की पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को काफी समझाया। जिला पंचायत सदस्य मितन जाटव भी आए गए और उचित मुआवजे व कार्यवाही का भरोसा देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी नीरज कुमार बघेल ने बताया कि रोडवेज चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मृतक युवक का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला