चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि बुधवार देर रात लिसाड़ी गेट पुलिस गौकशी की घटनाओं और वांछित आरोपियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। चार खंभा के पास बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और बाइक से मदीना कॉलोनी की ओर भागने लगे।
घेराबंदी के बाद फिर शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस ने दोनों का पीछा करते हुए घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, घिरने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम को अपनी ओर आते देख दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
याद इलाही और याकूब घायल गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपियों की पहचान लोहियानगर के एल अहमद नगर निवासी याद इलाही और लिसाड़ी गेट के लक्खीपुरा निवासी याकूब के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
गौकशी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चल रही थी चेकिंग
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में गौकशी की घटनाओं पर रोक लगाने और वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार गश्त और चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दोनों संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़े। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनसे जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।