शिवपुरम निवासी राजेंद्र और शेखर स्पोर्ट्स वीयर बनाने का काम करते थे। दोनों काम करके घर लौट रहे थे, ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के पास हादसा हो गया। लोगों ने कार सवारों को पीटकर पुलिस को सौंप दिया, जो कि नशे में बताया गया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के पास रविवार आधी रात तेज रफ्तार कार ने कहर मचा दिया। इग्निस कार की टक्कर से बाइक सवार टीपी नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरम निवासी राजेंद्र (48) और शेखर (38) की पास में खड़े ट्रक से टकराकर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर ब्रह्मपुरी पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर कार को कब्जे में ले लिया है। कार और ट्रक चालक दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन
Trending Videos
शिवपुरम निवासी पाल सिंह का बेटा शेखर टीपी नगर क्षेत्र में स्पोर्ट्स वीयर बनाने वाली एक कंपनी में और उनके बड़े भाई रत्नू का बेटा राजेंद्र परतापुर की एक कंपनी में स्पोर्ट्स वीयर बनाने का काम करता था। रविवार रात आठ बजे शेखर बाइक से राजेंद्र के साथ मेडिकल क्षेत्र में पार्ट टाइम एक कंपनी में लोवर और टी शर्ट का कपड़ा काटने के बाद घर लौट रहे थे।
जैसे ही ब्रह्मपुरी स्टेशन के पास पहुंचे, तभी गुजरात नंबर की तेज रफ्तार इग्निस कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर सड़क किनारे खड़े हरियाणा नंबर के ट्रक में जा घुसे। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। इसी बीच कार सवारों ने वहां से निकलने की कोशिश की तो भीड़ ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
पुलिस ने हादसे में शामिल गुजरात नंबर की इग्निस कार, हरियाणा नंबर के ट्रक और मृतकों की बाइक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। कार सवारों को भीड़ ने पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे की खबर मोहकमपुर पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि तेली मोहल्ला सदर बाजार निवासी आरोपी कार चालक शक्ति भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि ट्रक चालक फरार हो गया।
रोते बिलखते रह गए दोनों के बच्चे
शेखर की एक पांच साल की बेटी और तीन साल का बेटा है, जबकि राजेंद्र की एक बेटी और दो बेटे हैं। पिता की मौत पर दोनों के बच्चे बिलखते रहे। शेखर के पिता पाल सिंह का कहना है कि कार चालक ने शराब पीकर टक्कर मारी, यदि आगे ट्रक न होता तो दोनों की जान बच सकती थी। शेखर ने हेलमेट भी पहना हुआ था।