शोएब की फाइल फोटो और अस्पताल पहुंचे परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद तेज रफ्तार ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर जनपद के सरवट निवासी 27 वर्षीय शुएब पुत्र मोहम्मद हनीफ अपने बड़े भाई शाहवेज के साथ राजस्थान के जयपुर में सोफा कारीगरी का काम करता था। मंगलवार रात करीब दस बजे दोनों भाइयों को अपने पिता के निधन की दुखद सूचना मिली। इस खबर से दोनों गहरे सदमे में आ गए और तुरंत हेलमेट पहनकर देर रात बाइक से मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। बाइक शुएब चला रहा था।
बुधवार सुबह जब दोनों भाई सरधना थाना क्षेत्र में कांवड़ पटरी मार्ग से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में शुएब को गंभीर चोटें आईं, जबकि शाहवेज के पैर में चोट लगी।
राहगीरों द्वारा सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सरधना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने शुएब को मृत घोषित कर दिया, जबकि शाहवेज का प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे भी अस्पताल पहुंच गए।
थाना पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से फरार ट्रक चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।