मेरठ के सदर थाना क्षेत्र के भैसाली बस अड्डे के सामने मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय डोगरा लाइन की कक्षा 11 की छात्रा अक्सा (17) की मौत हो गई। वह स्कूटी से स्कूल जा रही थी, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे कुचल दिया।
चालक बस लेकर फरार
हादसे के बाद रोडवेज बस चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। लोगों के शोर मचाने पर पास खड़ा टूरिस्ट बस चालक भी वहां से भाग निकला। आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल अक्सा को सुशीला जसवंत राय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने नहीं कराया पोस्टमार्टम
सूचना मिलने पर केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य एस.के. सक्सेना, शिक्षक और परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए पोस्टमार्टम नहीं कराया और शव घर ले गए। शाम को छात्रा को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस चालक की पहचान करने में जुटी है।
परिवार में पसरा मातम
मृतका के पिता आसिफ कलेक्ट्रेट में कार्यरत हैं और ब्रह्मपुरी के ईडन गार्डन कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी तनु, बेटियां अक्सा और अनाया तथा पांच महीने का बेटा है। पिता रोते हुए बोले-सुबह बेटी को स्कूल जाते देखा था, नहीं पता था कि आखिरी बार देख रहे हैं।
अधिकारी बनना चाहती थी अक्सा
पिता ने बताया कि अक्सा पढ़ाई में बेहद होशियार थी और अधिकारी बनना चाहती थी। उसकी असमय मौत से स्कूल स्टाफ और सहपाठी गहरे सदमे में हैं।