मोदीपुरम में देर रात तक जाम
सोमवार को सीजन की पहली शादी थी और शाम होते ही जगह-जगह जाम लग गया। बारात के चलते जाम का आलम यह रहा कि सिवाया टोल प्लाजा पर आने और जाने वाली दोनों लेन में दूर-दूर तक वाहनों की लाइन लगी हुई थी। इसके अलावा मोदीपुरम हाईवे पर पल्हैड़ा चौराहे के पास जाम में यात्री फंसे रहे। यहां सर्विस रोड पर भी जाम लगा था, जाम में दुपहिया वाहन को निकलने में भी परेशानी हुई। इसके अलावा रुड़की रोड पर जाम के कारण बाराती और यात्री भी हांफ गए। मोदीपुरम और पल्हैड़ा चौराहे पर जाम में पुलिस नदारद रही। हर कोई जल्दी चलने के चक्कर में जाम में फंस रहा था। मंडपों के बाहर वाहनों के खड़े होने के कारण भी जाम लगा रहा।
मंडपों के बाहर बिगड़ी व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस ने बड़े बड़े दावे किए थे मंडप मालिकों को निर्देश दिए गये है कि मंडपों के बाहर बिना पार्किंग के वाहन खड़े नहीं होने देंगे। बारात की चढ़त भी बीच सड़क पर न हो, इसके लिए भी निर्देश दिए गये हैं। ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली रोड, मवाना रोड, गढ़ रोड और एनएच- 58 पर मुख्य स्थानों पर ड्यूटी भी लगाई, लेकिन मंडपों के बाहर सबसे ज्यादा व्यवस्था बिगड़ी। मंडपों के बाहर सड़क पर ही इधर-उधर वाहन पार्क कर दिए गए। बीच सड़क पर ही बारात निकली। जिससे व्यवस्था गड़बड़ा गई। ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर 80 वाहनों पर चालान चस्पाते हुए कार्रवाई भी की।
शादियों के कारण लगा जाम
शादियों को लेकर मुख्य स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई थी। हाईवे और मुख्य मार्गों पर शादियों के कारण वाहनों का दबाव रहा जिसके कारण जाम की स्थिति बनी। दिन में यातायात व्यवस्था ठीक रही।
- संजीव वाजपेयी, एसपी ट्रैफिक
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/