मेरठ में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को एक महिला समेत तीन लोगों में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों के इलाज और संक्रमण से बचाव के लिए मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों पर इंतजाम किए हैं। मंगलवार को मलेरिया का भी एक मरीज मिला।
तीन नए मरीजों में मिला संक्रमण
नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि नए मरीजों में बुखार के लक्षण थे। दवाओं से बुखार कम नहीं होने पर उनकी स्वाइन फ्लू और मलेरिया की जांच कराई गई। जांच में तीन मरीज स्वाइन फ्लू संक्रमित मिले। अब जिले में 15 सक्रिय मरीज हो गए हैं।
कुछ मरीज उपचार के बाद हो चुके डिस्चार्ज
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्वाइन फ्लू के कुछ मरीजों को पहले उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में बनाए गए अलग वार्ड में कोई मरीज भर्ती नहीं है।
अस्पतालों में वार्ड और टेमी फ्लू की व्यवस्था
लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. अजीत चौधरी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल के साथ सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर वार्ड की व्यवस्था की गई है। मरीजों के उपचार के लिए टेमी फ्लू दवा भी उपलब्ध कराई गई है।
खांसी-बुखार जैसे लक्षणों पर रहें सतर्क
डॉ. अजीत चौधरी के अनुसार स्वाइन फ्लू के सामान्य लक्षणों में खांसी, नाक बहना, तेज बुखार, गले में खराश और शरीर में दर्द शामिल हैं। सांस लेने में परेशानी, एसपीओ-2 में गिरावट या भ्रम की स्थिति होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग की निगरानी जारी
स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों की निगरानी कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार जरूरत के मुताबिक मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की व्यवस्था भी तैयार रखी गई है।