पंकज प्रोविजन स्टोर पर लूट की जानकारी देते लोग।
- फोटो : Amar ujala
नौचंदी थाना क्षेत्र के पॉश इलाके शास्त्रीनगर में शनिवार को दिन निकलते ही नकाबपोश तीन बदमाशों ने घर में घुसकर किराना व्यापारी को बंधक बना लिया और 30 हजार की नकदी लूट ली। इसके बाद फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर बदमाशों को तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शास्त्रीनगर सेक्टर-3 में गुरुद्वारे के पीछे पंकज अग्रवाल का घर है। इसके बाहर ही उनका प्रोविजन स्टोर है। शनिवार सुबह 5:10 बजे किसी ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया। उसने दो किलो चीनी देने के लिए कहा। पंकज अग्रवाल ने चीनी देने के लिए गेट खोला तो नकाबपोश तीन बदमाश उन्हें धकेलते हुए अंदर घुस गए। गले पर चाकू लगा दिया। मारपीट करते हुए पंकज अग्रवाल के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। पंकज ने किसी तरह शोर मचाया तो सामने रहने वाले परिवार ने आस-पड़ोस के लोगों को जगाया। तब तक बदमाश गल्ले में रखी करीब 30 हजार की नकदी लूटकर फरार हो गए।
मोहल्ले के लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंकज अग्रवाल से घटना की जानकारी ली। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि बदमाशों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।