लोहियानगर थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात शास्त्रीनगर से तीन हथियार तस्करों लिसाड़ी गेट निवासी जरार, रिहान व शादाब को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, 6 तमंचे व 6 मैगजीन मिली हैं। पुलिस को गैंग के मास्टरमाइंड लिसाड़ी गेट निवासी हाजी कलीम की तलाश है।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि मंगलवार को लोहियानगर पुलिस को सूचना मिली थी कि शास्त्रीनगर में तीन युवक अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू कर दी। सड़क किनारे खड़े तीन संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए रोक लिया। पुलिस को आरोपियों के पास से एक बैग मिला। चेकिंग के दौरान बैग के अंदर से अवैध हथियार मिले। पुलिस हथियार तस्करों को लेकर थाने आ गई। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने हाजी कलीम से हथियार खरीदे थे।
सीओ ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर हथियारों की सप्लाई करते थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क मेरठ ही नहीं, बल्कि दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक फैला हुआ है। सीओ का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मास्टरमाइंड को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।
अवैध हथियार खरीदने वालों की तलाश कर रही पुलिस
सीओ के मुताबिक, आरोपी पांच हजार में तमंचा और 30 हजार रुपये में पिस्टल बेचते हैं। आरोपियों के मोबाइल से अवैध हथियार खरीदने वालों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के मोबाइल से अवैध हथियार के फोटो व उन्हें खरीदने वालों की जानकारी हुई है। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अवैध हथियार खरीदने वालों की जानकारी हुई है।
ये भी देखें...
Meerut: इस्लामाबाद में कुत्ते ने चार साल की बच्ची का चेहरा नोचा, अस्पताल में भर्ती; नगर निगम के खिलाफ हंगामा