मेरठ में बुधवार सुबह परतापुर थाना क्षेत्र के पुट्ठा–रिठानी रोड पर नगीना सांसद चंद्रशेखर के करीबी और आजाद समाज पार्टी के नेता संजय हरित पर जानलेवा हमला किया गया था। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पार्टी की अंदरूनी कलह बनी हमले की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि आजाद समाज पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी कलह और वर्चस्व की लड़ाई के चलते यह हमला किया गया। बताया गया कि कुछ दिन पहले सागर लिसाड़ी को पार्टी से बाहर कर दिया गया था, जिससे वह नाराज चल रहा था।
यह भी पढ़ें: सोनू कश्यप हत्याकांड: परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को रोका, पुलिस ने सीमा से लौटाया
साजिश रचकर की गई फायरिंग
नाराज सागर लिसाड़ी ने अपने साथी शिवकुमार और सुभान सैफी के साथ मिलकर संजय हरित पर हमला करने की योजना बनाई। बुधवार सुबह जब संजय हरित ड्यूटी के लिए जा रहे थे, तभी पूठा रोड पर तमंचे से फायरिंग की गई। गनीमत रही कि गोली तमंचे की नाल में फंस गई और संजय हरित की जान बच गई।
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बाइक, एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।