सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो पता चला
शनिवार सुबह करीब 10 बजे पल्लव अग्रवाल दोनों दुकानों पर पहुंचे। ताले टूटे और अंदर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने दोनों दुकानों और आसपास के स्थानों से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
किराना दुकान से भी सामान चोरी
चोरों ने सामने स्थित श्री श्याम किराना स्टोर को भी निशाना बनाया। दुकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और काफी सामान चोरी कर लिया। पुलिस अब दोनों दुकानों में हुई चोरी के साथ चोरों के आने-जाने के रास्ते की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे चोरों के बारे में सुराग मिल सके।
तिजोरी काटने का प्रयास, नहीं मिली सफलता
ज्वेलर्स की दुकान में चोरों ने तिजोरी काटकर उसमें रखा सामान निकालने का प्रयास किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोर किस रास्ते से दुकान तक पहुंचे थे।
व्यापारियों में रोष, गश्त बढ़ाने की मांग
कस्बे के बीच कौल रोड पर एक साथ दो दुकानों में चोरी की घटना से व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों ने रात के समय बाजार और प्रमुख मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है।
जल्द दर्ज होगी रिपोर्ट, टीम लगाई जाएगी
सीओ किठौर विश्वज्योति राय ने बताया कि उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर घटना का निरीक्षण किया है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में जल्द रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगाई जाएगी और जल्द चोरी का खुलासा कराया जाएगा।