लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने खुशहाल कॉलोनी में दहेज की मांग पूरी न होने पर फरहाना की तेजाब पिलाकर हत्या करने के मामले में आरोपी पति जुबैर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस ने नामजद सास गुड्डो और ससुर अहमद को नोटिस तामील कराकर छोड़ दिया।
लिसाड़ी गेट थाने पर क्षेत्र के शालीमार गार्डन निवासी सोनू ने बुधवार को दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि उसकी बहन फरहाना का निकाह पांच मार्च 2024 को खुशहाल कॉलानी निवासी जुबैर के साथ हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त में नकदी और गाड़ी की मांग कर रहे थे।
जुबैर राजमिस्त्री व ठेकेदार है। बेटे के जन्म के समय भी काफी माल दिया था। इसके बावजूद विवाहिता का उत्पीड़न जारी रहा। आरोप है कि ससुराल वालों ने सोमवार को विवाहिता फरहाना को जबरदस्ती टॉयलेट साफ करने वाला तेजाब पिला दिया। जानकारी मिलने पर मायके वाले ससुराल में पहुंचे और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान मंगलवार देर रात उसने दम तोड़ दिया था।
सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि लिसाड़ी गेट पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पति जुबैर को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सास और ससुर को भी हिरासत में लिया था, जिन्हें पूछताछ के बाद नोटिस तालीम कराकर छोड़ दिया गया। नामजद देवर जुनैद की भी तलाश की जा रही है।