युवती को अपने साथ थाने ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मवाना कस्बे के गाढो वाला चौक पर दिल्ली से पहुंची युवती ने दूसरे समुदाय के युवक के घर के सामने हंगामा किया। सूचना पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले आई। युवती ने बताया कि बीते छह साल से वह युवक के साथ लिव इन में रह रही है।
नागपुर की रहने वाली युवती दिल्ली में किसी हवाई कंपनी में नौकरी करती है। युवती बुधवार दोपहर दो बजे गाढो वाला चौक निवासी दूसरे समुदाय के युवक के घर पहुंची और हंगामा कर दिया। मामले की जानकारी होने पर राष्ट्रीय हिंदू संघर्ष समिति के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।
उस समय युवती युवक के मकान के अंदर थी और दरवाजे बंद थे। समिति कार्यकर्ता रजनीश रोहल, गौरव गुर्जर, राजा सैनी, विनोद गुप्ता आदि की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को थाने ले गई। युवती ने पूछताछ में बताया कि उसकी युवक से जान पहचान नौकरी लगवाने के नाम पर हुई थी।
वह युवक के साथ छह साल से लिव इन में रह रही है। युवक भी दिल्ली में रहता है। मंगलवार को युवक उसके साथ मारपीट कर सामान समेटकर मवाना आ गया था। बुधवार को युवती भी मवाना पहुंच गई। युवक के मां-बाप ने गाली गलौज करते हुए उसे मकान के अंदर खींच लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया का कहना है कि युवती ने लिखित में शिकायत नहीं दी है। उसने दिल्ली जाकर शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। इसके बाद युवती को पुलिस ने दिल्ली की बस में बैठा दिया।
दो साल पहले भी हुआ था हंगामा
दो साल पहले भी उक्त युवती ने मवाना आकर युवक के घर पर हंगामा किया था लेकिन उस समय युवक ने युवती को समझा बुझाकर मामला शांत कर दिया था। फिर दोनों साथ में रहने लगे थे।