मेडिकल थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के बहाने एक युवती को बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाने की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। विहिप पदाधिकारियों ने कार सवार दो मुस्लिम युवकों को दबोचकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि पुलिस की प्राथमिक जांच में पूरा मामला झूठा और युवकों को फंसाने की साजिश सामने आई।
बुलंदशहर निवासी युवती मेरठ के भोपाल विहार क्षेत्र में किराए पर रहकर नौकरी तलाश रही थी। आरोप है कि एक सप्ताह पहले फोन के जरिए उसकी मुलाकात जीशान से हुई। शनिवार को जीशान अपने दोस्त शाहनवाज के साथ कार से युवती को लेने गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल के पास पहुंचा। वहां से वे भावनपुर गए, जहां आरोपियों ने मिठाई और कोल्डड्रिंक खरीदी।
आरोप है कि कोल्डड्रिंक पीने के बाद युवती को चक्कर आने लगे। इसके बाद आरोपी उसे लेकर वापस जागृति विहार एक्सटेंशन पहुंचे। इसी बीच सूचना पाकर विहिप के पदाधिकारी आशीष गुप्ता व अंकित सैनी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार रोककर दोनों युवकों की पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया।
बदला लेने के लिए रची गई थी कहानी
जब पुलिस ने युवती से गहन पूछताछ की तो मामले में चौंकाने वाला मोड़ आया। जांच में सामने आया कि युवती के परिचित नकुल ने आरोपी जीशान को किसी पुरानी रंजिश में फंसाने के लिए नौकरी का यह पूरा नाटक रचा था और युवती को इस साजिश में शामिल किया था। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि दोनों युवक फिलहाल हिरासत में हैं। वहीं झूठी सूचना देकर साजिश रचने वाले आरोपी नकुल की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी देखें...
Meerut: कबड्डी की राष्ट्रीय खिलाड़ी एक महीने से लापता, आखिरी बार पंजाब में मिली थी लोकेशन, अनहोनी की आशंका