मेरठ करनाल हाईवे पर भूनी टोल प्लाजा के पास कोहरे के कारण यात्री बस खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में छह साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक सिपाही की हालत गंभीर है।
मेरठ करनाल हाईवे पर बुधवार देर रात यात्रियों से भरी बस लुधियाना, पंजाब से बहराइच जा रही थी। जैसे ही बस सरूरपुर क्षेत्र में भूनी टोल प्लाजा के पास पहुंची तो घने कोहरे के चलते खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। आगे की सीट पर बैठा कृष्णा (6) पुत्र आशीष निवासी धर्मपुर इकौना श्रावस्ती खिड़की शीशे में से निकलकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में सवार यूपी पुलिस का सिपाही सुरेन्द्र कुमार पाठक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर चीख पुकार मच गई।
राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सरधना सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान छह वर्षीय कृष्णा की मौत हो गई। सुरेन्द्र की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। कृष्णा की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
रिफ्लेक्टर नहीं होने से कोहरे में हो रहे हादसे
कोहरे का प्रकोप शुरू हो चुका है। सर्दी के मौसम में सड़क हादसे न हों, इसके लिए जरूरी है कि रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, लेकिन देहात क्षेत्र में कोई ठोस काम होता नहीं दिख रहा है। मुख्य मार्ग पर भी रिफ्लेक्टर नहीं लगे हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और कई ट्रकों में भी रिफ्लेक्टर नहीं लगे हैं। सड़क से कैट आई गायब हैं। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है।