मामा ने किशोरी से दुष्कर्म किया, वीडियो बनाया, दादा संग शिकायत करने पहुंची पीड़िता
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी के साथ मामा ने दुष्कर्म कर दिया। पीड़ित किशोरी ने दादा के साथ पहुंचकर एसपी सिटी से शिकायत की। उसने आरोप लगाया कि मामा ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेसुध कर दुष्कर्म किया। इसके बाद वीडियो बनाया। अब मामा उसे ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़िता को जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
इस किशोरी की मां का निधन हो चुका है। पिता किसी मामले में जेल में है। वह दादा के साथ रहती है। दो माह पहले उसके गाजियाबाद में डासना निवासी मामा की शादी थी। शादी में जाने की बात कहकर मामा उसे साथ ले गया। आरोप है कि यहां एक दिन मामा घुमाने के बहाने किशोरी को होटल ले गया। आरोप है कि यहां कोल्ड ड्रिंक नशीला पदार्थ दिया। फिर दुष्कर्म किया। ब्लैकमेल करने के लिए वीडियो भी बनाया।
किशोरी के मुताबिक पांच दिन पहले दादा उसे घर ले आया। शनिवार रात मामा दोबारा घर आ गया। वह किशोरी पर साथ चलने का दबाव बनाने लगा। इसके बाद किशोरी ने दादा को घटना के बारे में बताया। दादा ने विरोध जताया तो मामा मौके से फरार हो गया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि मामला गाजियाबाद से जुड़ा है। वहां की पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
जिम संचालक ने रिसेप्शनिस्ट से की छेड़छाड़, रिपोर्ट दर्ज
जिम संचालक ने अपने यहां काम करने वाली रिसेप्शनिस्ट से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। अपनी पत्नी और एक अन्य महिला के साथ उसके घर आकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोपी पति-पत्नी और एक महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नौचंदी थाना क्षेत्र निवासी युवती क्षेत्र के एक जिम में करीब तीन वर्ष से रिसेप्शनिस्ट थी। आरोप है चार माह से जिम संचालक उसके फोन पर गंदे मेसेज भेजने लगा। नौकरी की वजह से वह बर्दाश्त करती रही। आरोपी ने उसे एक दिन शाम को पीछे से पकड़ लिया और अश्लील हरकत की।
पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। इसके बाद पीड़िता ने नौकरी छोड़ दी। उसने आरोपी की शिकायत पुलिस से करने की चेतावनी दी तो वह अपनी पत्नी और एक अन्य महिला के साथ उसके घर आ धमका। रुपये लेकर किसी के सामने मुंह न खोलने के लिए धमकाया। बात न मानने पर झूठे केस में धमकाने की धमकी भी दी।