टेस्टेड एंड ट्रस्टेड पैनल ने बुधवार को क्लब गेट पर प्रदर्शन किया और कहा कि परिवर्तन परिवार नाम के पैनल ने सदस्यों को डायरी गिफ्ट करके वोटरों को लुभाने का प्रयास किया है। वहीं परिवर्तन परिवार पैनल ने आरोपों को गलत बताया है।
अलेक्जेंडर एथलेटिक क्लब चुनाव में एक नया मामला सामने आया है। टेस्टेड एंड ट्रस्टेड पैनल ने आरोप लगाया है कि परिवर्तन परिवार नाम के पैनल ने क्लब के सभी 1,368 सदस्यों को उपहार स्वरूप डायरी देकर उनके पक्ष में वोट डालने का प्रलोभन देने की कोशिश की है। टेस्टेड एंड ट्रस्टेड पैनल के लोग क्लब गेट पर एकत्रित हुए और हाथ में तख्ती लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान चुनाव अधिकारी को भी लिखित शिकायत दी गई।
विज्ञापन
जनसंपर्क करते परिवर्तन परिवार पैनल के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ का एकमात्र प्रदेश स्तर पर चर्चित अलेक्जेंडर क्लब चुनाव के चलते एक बार फिर सुर्खियों में है। चुनाव कार्यक्रम के बीच टेस्टेड एंड ट्रस्टेड पैनल ने परिवर्तन परिवार पैनल पर आरोप लगाए। उपाध्यक्ष पद प्रत्याशी शुभेंद्र मित्तल ने कहा कि चुनाव में सदस्यों को लुभाने के लिए डायरी बांटी गई है। उपहार वितरण का कार्य पिछले एक सप्ताह से चल रहा है। इस संबंध में चुनाव अधिकारी से भी शिकायत की गई है। शिकायत में मांग की गई है कि परिवर्तन परिवार पैनल को तत्काल प्रभाव से काली सूची में डाला जाए। इस दौरान सचिव पद प्रत्याशी अंकुर जग्गी, कोषाध्यक्ष पद प्रत्याशी अजय अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य प्रत्याशी अमित चांदना, दीप्ति, कमल भार्गव, मयूर मित्तल, मोहित जैन, रजत भट्टर, सचिन मांगा आदि रहे।
परिवर्तन टीम ने किया जनसंपर्क
परिवर्तन परिवार की टीम ने उम्मीदवारों के साथ शिव लोक, बेगमबाग, वेस्टर्न कचहरी रोड, सूरजकुंड, इस्टर्न कचहरी रोड पर जनसंपर्क किया। वोटरों को आगामी रणनीति की जानकारी दी गई। इस दौरान उपाध्यक्ष पद प्रत्याशी जेपी अग्रवाल, सचिव संजय कुमार, कोषाध्यक्ष राहुल दास सहित अंशुल अग्रवाल, अनुपम गुप्ता, कमल अग्रवाल, अरविंद जैन, निमिष खेत्रपाल आदि रहे।
डायरी का वितरण हुआ तो अनुचित है
मुख्य चुनाव अधिकारी एसपी देशवाल ने कहा कि अलेक्जेंडर क्लब चुनाव में एक पक्ष के द्वारा डायरी वितरण की कुछ लोगों ने मौखिक सूचना दी है। अधिकारिक तौर पर शिकायत नहीं आई है। उन्होंने कहा कि एक पक्ष के द्वारा दिया गया शिकायत पत्र भी अभी तक प्राप्त नहीं हुआ। इस संबंध में जांच की जा रही है। बृहस्पतिवार को इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
डायरी के नाम पर मतदाताओं के साथ धोखा
अलेक्जेंडर क्लब के चुनाव में परिवर्तन ग्रुप से कोषाध्यक्ष पद उम्मीदवार राहुल दास ने कहा कि विपक्ष के लोग बहुत ही अनुचित आरोप लगा रहे हैं। एजीएम के बाद जब विरोध के स्वर उठे तब परिवर्तन परिवार का गठन हुआ। संगठन ने गठन के तुरंत बाद अपने स्तर पर कार्य करते हुए सभी सदस्यों को अपने खर्चे से डायरी भेजी। डायरी में कहीं भी चुनाव का प्रचार नहीं किया गया और न ही लोगों को वोट देने के लिए प्रेरित किया गया।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद डायरी भी नहीं दी गई है। यह छह साल की उपलब्धि न देने का विरोध है। ऐसे में झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। अब हमारे द्वारा दी गई योजनाओं की कॉपी की जा रही है। क्लब के नियमों का दुरुपयोग किसी भी स्तर पर नहीं होना चाहिए। हमारी टीम क्लब के नियमों का पालन कर रही है।