स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) मेरठ यूनिट ने शाहजहांपुर जनपद में सरयू पुलिया के ओवरब्रिज से मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य सुभाष सिंह को गिरफ्तार किया है। टीम ने उसके पास से 271 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है।
एसटीएफ के एएसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी सुभाष सिंह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जनपद के नूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लदौड़ी गांव का निवासी है। वह आयशर कैंटर में यह गांजा भरकर ले जा रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह काफी समय से ओडिशा से गांजा तस्करी कर रहा है। बरेली व आसपास के जनपदों में फुटकर में लोगों को इस गांजे की तस्करी करनी थी। उसने बताया कि गांजा ओडिशा में डेढ़ हजार रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से मिलता है और इसे यहां पर चार हजार रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बेच देता है।
एएसपी ने बताया कि एटीएफ मेरठ यूनिट अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए शाहजहांपुर गई थी। इसी दौरान सूचना मिली थी कि मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह का सदस्य आयशर कैंटर में गांजा लेकर ओडिशा से आ रहा था। इस सूचना पर टीम ने सीओ तिलहर को सूचना देकर सरयू पुलिया के ओवरब्रिज के पास से आरोपी सुभाष सिंह को पकड़ा।
उसके कैंटर की तलाशी लेने पर 271.4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अंतराष्ट्रीय कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है। इस संबंध में शाहजहांपुर जनपद के थाना तिलहर में पकड़े गए आरोपी सुभाष सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। उसे शाहजहांपुर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया है।
ये भी देखें...
Nepal Crisis: 'जल रहा काठमांडू, हमें यहां से निकालो', मुजफ्फरनगर के आठ, बिजनौर-बागपत का एक-एक श्रद्धालु फंसा