मेडिकल थाना क्षेत्र में जागृति विहार निवासी युवक ने शादी के चार माह बाद ही पत्नी और उसके प्रेमी से अपनी जान को खतरे की आशंका जताई है। उसने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा से शिकायत करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में पीड़ित ने बताया कि फरवरी माह में उसकी शादी बुलंदशहर नरसैना थाना क्षेत्र निवासी युवती से हुई थी। उसकी पत्नी गरुग्राम में नौकरी करती है और वहीं एक फ्लैट में रहती थी। काफी दिनों तक उन्हें फ्लैट का पता भी नहीं बताया।
वह एक बार पत्नी को गुरुग्राम छोड़ने गया तो वह रास्ते में उतरने लगी। काफी जद्दोजहद के बाद वह उन्हें फ्लैट पर लेकर गई। पते की जानकारी होने के बाद वह नाराज हो गई। अपने पिता और चाचा को झूठी जानकारी देती रही। पत्नी के साथ रहने के लिए उन्होंने गुरुग्राम में किराए का फ्लैट ले लिया।
काफी समझाने पर फ्लैट पर आने लगी, लेकिन रहना-सहना दूसरे स्थान पर ही करती थी। कभी उसके लिए खाना भी नहीं बनाया। इस पर दोनों पक्षों की पंचायत हुई। आरोप है कि पंचायत में पत्नी के परिजनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। दोनों पक्षों की दूसरी पंचायत के बाद पत्नी उसके साथ रहने लगी।
आरोप है कि 2 जून को गुरुग्राम से मेरठ बाइक पर आते हुए बाइक सवार दो लोगों ने उसका पीछा किया। मोदीनगर के पास उसकी बाइक में लात मारकर गिरा दिया। किसी तरह उसकी जान बची। शक होने पर उसने पत्नी की व्हाट्सएप चैट देखी तो पता चला कि उसके दो युवकों से संबंध हैं। आरोपी उसकी हत्या कराना चाहते हैं। उसे लगातार धमकी दी जा रही हैं। एसएसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।