सभी को साथ लेकर चलेंगे, निकाय चुनाव जीतेंगे: जयवीर सिंह
सपा के नए जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह का कहना है कि वह सभी सपाइयों को साथ लेकर चलेंगे। उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। निकाय चुनाव में जीत हासिल करेंगे।
गणवेश पहनना पड़ा था भारी
पिछली बार भी जयवीर सिंह के जिलाध्यक्ष बनने की चर्चा थी, मगर 25 फरवरी 2018 को राष्ट्रोदय कार्यक्रम में उन्हें गणवेश पहनना भारी पड़ गया था। पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद वह जिलाध्यक्ष पड़ की दौड़ से बाहर हो गए थे। हालांकि अगस्त 2018 में उनका निष्कासन खत्म हो गया था।
आसान नहीं जिलाध्यक्ष की राह
जिलाध्यक्ष की राह मेरठ में आसान नहीं है। चुनौतियां बहुत हैं। न केवल विपक्ष की भूमिका का मेरठ में सही तरह से निर्वहन करना होगा बल्कि पार्टी के सभी धड़ों को एकसूत्र में बांधना होगा। यह इतना आसान नहीं है क्योंकि मुख्य रूप से तीन धड़ों के इर्द गिर्द घूमने वाली सपाई राजनीति में बाकी दो धड़े भी अपना वर्चस्व कायम रखने के लिए हरसंभव कोशिश करेंगे।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: सैकड़ों घर-दुकानें तोड़ने की तैयारी,व्यापारियों में खलबली, अप्रैल में सबसे गर्म रहा शुक्रवार
महानगर अध्यक्ष के लिए भी होगी खींचतान
इसी तरह महानगर अध्यक्ष पद की दौड़ में निवर्तमान महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी के अलावा जानू चौधरी, इसरार सैफी, गुलशेर राणा, बदर अली और शकील भारती आदि हैं। सपा के दिग्गज माने जाने वाले नेता भी अपने-अपने करीबी को महानगर अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। महानगर अध्यक्ष की घोषणा होनी बाकी है।
जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर सपाइयों ने दी बधाई
जिलाध्य्क्ष बनाए जाने पर सपा कार्यकर्ताओं ने जयवीर सिंह को बधाई दी है। बधाई देने वालों में विधायक अतुल प्रधान,राष्ट्रीय सचिव आकिल मुर्तज़ा,प्रभुदयाल बाल्मीकी, विधायक रफ़ीक अंसारी,बाबर चौहान खरदौनी, धर्मेंद्र मलिक,कैफ़ मुखिया, रविंद्र प्रेमी, निरंजन सिंह,नेहा गौड मूनित शर्मा,मर्दुला यादव, रविंद्र प्रेमी, मोहम्मद अब्बास, अजय अधाना और महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी आदि रहे।