सरधना स्थित गंगनहर के चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर अटेरना और दौराला पुल के बीच बृहस्पतिवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार डिलीवरी ब्वाय की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। बुलंदशहर जनपद निवासी तीनों युवक दो बाइकों से हरिद्वार घूमने जा रहे थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक विपिन को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई से इन्कार किया, जिसके बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया।
बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद थाना क्षेत्र के जनोरा गांव निवासी विपिन (20) पुत्र लेखराज चरखी दादरी में डिलीवरी ब्वाय का काम करता था। बृहस्पतिवार को वह अपने पांच दोस्तों के साथ दो बाइकों पर हरिद्वार घूमने के लिए निकला था। एक बाइक पर विपिन के साथ मनीष पुत्र हरकेश और पुनीत पुत्र शोदान सवार थे, जबकि उनके अन्य साथी दूसरी बाइक से पीछे चल रहे थे।
बताया गया कि गाजियाबाद से मुरादनगर होते हुए सभी गंगनहर के चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर पहुंचे। देर रात सरधना थाना क्षेत्र में अटेरना और दौराला पुल के बीच उनकी बाइक को पीछे से आ रहे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित हो गई और विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ बैठे मनीष और पुनीत भी सड़क किनारे जा गिरे। हादसे में मनीष के हाथ में गंभीर चोट आई। पीछे दूसरी बाइक पर चल रहे दोस्तों ने हादसा देखकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों घायलों को सरधना सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद विपिन को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही जनोरा गांव में परिजनों में मातम छा गया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की, लेकिन परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भर कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने तहरीर नहीं दी। सीओ ने बताया कि बाइक में टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों ने उसे तलाश रही है।