मेरठ के गंगानगर की युवती की दूसरे समुदाय के युवक साहिल उर्फ शाहवेज के साथ मवाना रोड स्थित पैराडाइज मंडप में आज शुक्रवार को शादी होनी थी। हिंदू संगठनों के विरोध के बाद मंडप संचालक ने बुकिंग कैंसिल कर दी। आज इसी मंडप में हिंदू महापंचायत होगी।
मवाना रोड स्थित पैराडाइज मंडप में मुस्लिम मंगेतर से शुक्रवार को होने वाली हिंदू युवती की शादी की जगह अब हिंदू महापंचायत होगी। हिंदू सुरक्षा संगठन के वहां सुबह से ही पहुंचने लगे हैं। शादी वाले मंडप में इस हिंदू महापंचायत के एलान का गाजियाबाद के हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी चौधरी ने भी समर्थन किया है। हिंदू संगठनों के रुख को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए हैं।
विज्ञापन
गंगानगर में समुदाय विशेष के युवक से शादी करने के मामले में अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के पदाधिकारियों ने पैराडाइज मंडप में हिंदू महापंचायत का एलान कर पुलिस की पेशानी पर बल डाल दिया है। पुलिस प्रशासन के साथ ही खुफिया विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है। इस घटनाक्रम से जुड़ी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
हिंदू युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाकर शादी का आरोप लगाने वाले अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने मंडप में हिंदू महापंचायत का एलान किया है। सिरोही ने बताया कि पैराडाइस मंडप में शुक्रवार की दोपहर तीन से पांच बजे तक महापंचायत की जाएगी। इसमें सनातन के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ दूसरे धर्म के लोगों की ओर से हिंदू लड़कियों के कराए जा रहे धर्मांतरण पर मंथन किया जाएगा।
हिंदू महापंचायत की जानकारी फेसबुक पेज के अलावा इंस्टाग्राम और ट्विटर हैंडल पर भी वायरल कर दी गई है। सचिन सिरोही ने कहा कि हिंदू धर्म को बदनाम करने की साजिश को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। एसएसपी अविनाश पांडेय का कहना है कि जहां पर महापंचायत की बात कही जा रही है, वहां सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की तैनात रहेगी।
हिंदू महापंचायत को सफल बनाने की सोशल मीडिया पर अपील
गाजियाबाद के हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी चौधरी ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर वायरल किया है। उन्होंने मेरठ पहुंचकर महापंचायत में शामिल होने की लोगों से अपील की है।
सिरोही मेरा पीछा छोड़ दो, शादी हो जाने दो
हिंदू महापंचायत को लेकर सचिन सिरोही ने बृहस्पतिवार को फेसबुक पर लाइव किया। उन्होंने महापंचायत में अधिक से अधिक लोगों के पहुंचने की बात कही। इस पर हिंदू युवती के मुस्लिम मंगेतर शावेज राणा ने अपने कमेंट्स में लिखा है -सिरोही, प्लीज मेरा पीछा छोड़ दो, मेरी शादी हो जाने दो।