सदर थाने में हंगामा करते हुए अमरजीत सिंह, हरमीत सिंह, राजेश जुनेजा, सचिन डालडा, अमित हरजीत, पवन, ऋषभ आदि ने बताया कि जलीकोठी निवासी सईद अहमद ने अनुभव कालरा से थापरनगर में लगभग एक करोड़ रुपए में मकान खरीदा था। पांच दिन पूर्व मकान की रजिस्ट्री होने के बाद सईद अहमद अपने परिवार के साथ मकान में आकर रहने लगा।
शुक्रवार को कॉलोनी वासियों व हिंदू संगठन को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सईद के मकान पर ताला लगवाकर चाबी अपने पास रख ली थी। दोनों पक्षों को शनिवार को थाने बुलाया गया था।
शनिवार को अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही के नेतृत्व में कॉलोनी वासियों ने थाने का घेराव किया और मकान वापस हिंदू के नाम करने की मांग की। सचिन सिरोही ने कहा कि सईद अहमद से मकान जब तक वापस नहीं कराया जाएगा, तब तक धरना प्रदर्शन चलता रहेगा। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें...
Meerut: शादाब जकाती फिर चर्चा में, एक और वीडियो वायरल..., भाजपा नेता राहुल ठाकुर के खिलाफ भी शिकायत
मेरा कसूर क्या है : सईद अहमद
शुक्रवार को जब सईद अहमद से मकान खाली करवाकर ताला डाला गया तो उनका कहना था कि अनुभव कालरा लंबे समय से मकान बेचना चाहते थे लेकिन कोई हिंदू खरीदार नहीं मिल रहा था। जनप्रतिनिधियों के दबाव के चलते वह लंबे समय तक मकान नहीं बेच पाए। अब उन्होंने यह मकान खरीदा और नियम अनुसार रजिस्ट्री भी कराई। अचानक यह विवाद खड़ा कर दिया गया। थाना प्रभारी विजय कुमार राय ने घर पर ताला लगवाकर हमें वापस पुराने घर भेज दिया। इस मामले में आखिर मेरा कसूर क्या है।