लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के डी-ब्लॉक में बने चिकित्सकों के आवास के पास मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस दौरान ओपीडी निपटाकर घर पहुंच रहे आधा दर्जन चिकित्सकों को मधुमक्खियों ने काट लिया। इसमें एक चिकित्सक की हालत बिगड़ गई, उन्हें इमरजेंसी में भर्ती करना पड़ा। देर रात में छुट्टी दी गई।
मेडिकल कॉलेज में मधुमक्खियों के कई छत्ते हैं। आए दिन मधुमक्खियां तीमारदारों पर हमला कर देती हैं। कॉलेज प्रशासन की ओर से कई बार छत्ते हटाने की कोशिश भी गई, लेकिन खौफ के चलते छत्ते नहीं हटे और ये लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को दोपहर दो बजे के बाद तमाम चिकित्सक ओपीडी पूरी करके अपने आवास पर लौट रहे थे, इसी दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।
एनेस्थीसिया विभाग में कार्यरत डॉ. रीतिका स्कूटी से घर जा रही थीं, सबसे पहले हमला उन पर हुआ और उनकी स्कूटी गिर गई। उन्हें उठाने के लिए न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. दिनेश राणा दौड़े। इस दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। इसी बीच डॉ. शिवांश, मेडिसिन में तैनात डॉ. अभिषेक तथा उसी समय वहां से गुजर रहे प्लम्बर देवीराम पर भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।
ईएमओ डॉ. दिवाकर सिंह ने बताया कि छह चिकित्सकों के साथ ही चार-पांच अन्य लोग भी घायल हुए। सभी को अस्पताल में उपचार के बाद घर भेज दिया गया। डॉ. दिनेश राणा को करीब 300 मधुमक्खियों ने डंक मार दिए, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें इमरजेंसी में भी भर्ती किया गया और देर रात तक छुट्टी दी गई।
ये भी देखें...
मेरठ: फर्जी एंटी करप्शन अधिकारी बनकर युवक का अपहरण, एनकाउंटर की धमकी देकर मांगे 50 लाख; पांच गिरफ्तार