- अगस्त में सीनियर एथलेटिक्स सीरीज का होगा आयोजन
कई बड़े स्टार एथलीट मेरठ में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बनते ही मेरठ को बड़ी एथलेटिक्स प्रतियोगिता मिल गई है। प्रतियोगिता का आयोजन एएफआई की ओर से 29 अगस्त को होगा। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर यह एथलेटिक्स सीरीज आयोजित की जाएगी। इसमें अन्नू रानी, पारुल चौधरी समेत कई बड़े स्टार खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं।
स्टेडियम में पहले सिंथेटिक ट्रैक न होने के कारण यहां प्रतियोगिताएं नहीं हो पाती थीं बल्कि यहां से कई बड़े खिलाड़ी भी बाहर तैयारी कर रहे थे। अब यहां शासन की ओर से लगभग 8.58 करोड़ रुपये में 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण पूरा किया जा चुका है। क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से शासन को भी इसकी रिपोर्ट भेज दी गई है। हैंडओवर की प्रक्रिया पर शासन से ही कार्रवाई की जानी है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह में यह ट्रैक खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध हो जाएगा। अब जब ट्रैक बनकर तैयार हो चुका है तो एएफआई के निर्देश पर उत्तर प्रदेश एथलेटिक संघ की ओर से यहां प्रतियोगिता भी निर्धारित कर दी गई है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में कई बड़े खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सुधारने को उद्देश्य से ओपन एथलेटिक्स सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। अभी कुछ दिन पूर्व गोल्डन गर्ल अन्नू रानी ने एथलेटिक्स सीरीज में हिस्सा लेकर कांस्य पदक जीता था। इसी शृंखला में मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में भी 29 अगस्त को एथलेटिक्स सीरीज होने जा रही है। इसमें अन्नू रानी के भी शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा मेरठ के कई स्टार खिलाड़ी किरन बालियान, ख्याति माथुर, रीत राठौर आदि खिलाड़ी इस इवेंट में प्रतिभाग करेंगे। मेरठ के बाहर से भी कई स्टार एथलीट अंकिता ध्यानी, सुमित आदि के मेरठ आने की उम्मीद है। अब यहां ट्रैक तैयार होने के बाद मेरठ में कई और बड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता भी हो सकती हैं।
ये होंगे प्रतियोगिता के इवेंट
पुरुष वर्ग में 100 मीटर दौड़, 200, 400, 800,1500, 5000 मीटर दौड़। 10000 मीटर दौड़, 110, 400 मीटर बाधा दौड़, 3000 मीटर स्टीपल चेज, पॉल वोल्ट, हाईजंप, लॉंग जंप, ट्रिपल जंप, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, भाला फेंक, हैमर थ्रो, रेस वॉक।
महिला वर्ग में 100 मीटर दौड़, 200, 400, 800, 1500 मीटर दौड़, 5000 मीटर दौड़, 10 हजार मीटर दौड़, 110 मीटर, 400 मीटर बाधा दौड़, 3000 मीटर स्टीपल चेज, पॉलवॉल्ट, हाईजंप, लॉंग जंप, ट्रिपल जंप, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, भाला फेंक, हैमर थ्रो, हैप्थालॉन, रेस वॉक।
वर्जन
मेरठ में 29 अगस्त को प्रतियोगिता होगी। इसका शेड्यूल जारी हो चुका है। मेरठ स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बनने के बाद से यहां और भी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। एथलेटिक्स प्रतियोगिता के यहां होने से अब खेल और खिलाड़ियों को और बढ़ावा मिलेगा। - अनु कुमार, सचिव जिला एथलेटिक संघ