स्कूटी में आग लगने की घटनाएं आम बात हैं लेकिन क्या आपने कभी स्कूटी को दो हिस्सों में टूटते हुए देखा है। दरअसल मेरठ में ऐसा हुआ है। यहां एक व्यक्ति की स्कूटी बीच सड़क पर दो हिस्सों में टूट गई। हालांकि चालक बाल-बाल बच गया, उसने कंपनी से शिकायत की तो कंपनी ने क्लेम देने से साफ इनकार कर दिया।
अभी तक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की खबरें सुनने को मिलती थीं अब स्कूटी की चेसिस टूटने के मामले सामने आने लगे हैं। चार दिन पहले परीक्षितगढ़ के बाद अब मेरठ शहर में भी सड़क पर चलती स्कूटी की चेसिस टूटने में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। छह माह में स्कूटी की चेसिस टूटने के बावजूद इंश्योरेंस कंपनी ने पूरा क्लेम देने से इनकार कर दिया।
बागपत रोड किशनपुरा निवासी धर्मेंद्र पुत्र रोडा सिंह ने बताया कि 8 सितंबर 2022 को पत्नी नीतू रानी के नाम से एरीयर(Airier) की इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। 6 माह में लगभग 6 हजार किमी स्कूटी चली थी। सोमवार को वह रोहटा रोड से बाईपास की तरफ जा रहे थे तभी अचानक स्कूटी दो हिस्सों में टूट गई।
धर्मेंद्र ने इस संबंध में इंश्योरेंस कंपनी को अवगत कराया लेकिन कंपनी ने क्लेम देने से इनकार कर दिया। उधर कंपनी के डीलर अंकुर गोयल बताया कि इस संबंध में कंपनी के अधिकारियों को मेल किया है। उन्होंने स्कूटी की चेसिस बदलने के लिए आश्वासन दिया है हालांकि ग्राहक स्कूटी के पूरे पैसे मांग रहा है।