मेरठ की वेस्ट एंड रोड पर स्कूलों के खुलने और छुट्टी के समय 10-10 मिनट का अंतराल रहेगा। एसपी ट्रैफिक ने सभी स्कूलों के साथ बैठक कर जाम मुक्त योजना बनाई। स्कूलों के बाहर खड़ी कारें हटवाई जाएंगी।
मेरठ के वेस्ट एंड रोड पर स्कूल खुलने और छुट्टी के समय लगने वाला जाम अब बीते दिनों की बात हो सकता है। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्र ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर इस सड़क को जाम मुक्त करने के लिए खास प्लान तैयार किया है।
विज्ञापन
10-10 मिनट के अंतराल पर छुट्टी और शुरुआत
अब सभी स्कूलों को सुबह खुलने और दोपहर में छुट्टी देने के समय में कम से कम 10-10 मिनट का अंतराल रखना होगा। इससे एक ही समय पर वाहनों की भीड़ नहीं लगेगी और ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा।
कारें खड़ी मिलीं तो हटवाएंगे गार्ड
स्कूलों के बाहर खड़ी गाड़ियों से भी ट्रैफिक बाधित होता है। इसके लिए निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा गार्ड बाहर खड़ी गाड़ियों को तुरंत हटवाएंगे। जो वाहन चालक नियम नहीं मानेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
गुरु तेग बहादुर स्कूल के सामने डायवर्जन प्लान
फिलहाल छुट्टी के समय गुरु तेग बहादुर स्कूल के सामने से चारपहिया वाहन जली कोठी की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। कांवड़ यात्रा के बाद यह रूट बदलकर बाला जी मंदिर के पास से औघड़नाथ मंदिर की ओर कर दिया जाएगा।
सभी स्कूलों का सहयोग जरूरी
एसपी ट्रैफिक ने कहा कि सभी स्कूलों को आपसी समन्वय से छुट्टी और शुरुआत का समय तय करना होगा। यही प्रयास वेस्ट एंड रोड को जाम मुक्त बनाने में कारगर साबित होगा।