मेरठ में एसएसपी ऑफिस के पास बार के पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता राजीव कुमार त्यागी की कार खड़ी करने को लेकर एक सिपाही से कहासुनी हो गई। आरोप है कि सिपाही ने अधिवक्ता पर पिस्टल तान दी। जिसके चलते काफी तादाद में अधिवक्ताओं ने सिपाही के खिलाफ नारेबाजी की। एसएसपी ऑफिस पर जोरदार प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे सिविल लाइन इस्पेक्टर रमेश चंद शर्मा ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को कमिश्नरी चौराहे पर त्यागी समाज की महापंचायत के चलते अंबेडकर रोड की तरफ का रास्ता पुलिस ने बंद कर रखा था। इसी दौरान एसएसपी ऑफिस की तरफ मेरठ जिला बार के पूर्व अध्यक्ष राजीव कुमार त्यागी अपनी कार से कचहरी पहुंच गए।
यह भी पढ़ें: Shamli: हवन व भंडारे से पहले धर्मस्थल परिसर में मांस के टुकड़े फेंके, ग्रामीणों में रोष, पुलिस-बल तैनात
इसी दौरान उन्होंने अपनी कार एसएसपी ऑफिस के पास खड़ी कर दी। अंबेडकर कचहरी रोड के सामने ड्यूटी पर खड़े सिपाही सत्येंद्र ने अधिवक्ता की कार को खड़ा करने से मना किया। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि सिपाही ने मेरठ जिला बार के पूर्व अध्यक्ष राजीव कुमार त्यागी पर पिस्टल तान दी। वकील के साथ मारपीट की सूचना पर काफी संख्या में अधिवक्ता पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसएसपी ऑफिस पहुंचे। घटना की जानकारी एसएसपी को दी। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर सिविल लाइन ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।