लोहिया नगर थाना क्षेत्र के फफूंडा गांव में सोमवार सुबह रोडवेज बस ने ब्रेजा कार को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें कार सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति और बेटे समेत तीन घायल हो गए। सूचना पर लोहियानगर पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी की। पुलिस ने बस चालक और परिचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
त्रिलोकपुरम हापुड़ निवासी मोबीन की तीन माह से हालत खराब चल रही है। उनका उपचार कराने के लिए आनंद अस्पताल में पत्नी शमशीर (54), बेटा रुबीन और रुबीन की मौसी भूरी ब्रेजा कार से जा रहे थे। फफूंडा के पास तेज गति से आ रही एक रोडवेज बस ने कार में टक्कर मार दी। इसमें शमशीर की मौत हो गई। घायल मोबीन, रुबीन और भूरा को उपचार के लिए संतोष अस्पताल में भेजा गया।
पुलिस ने शमशीर का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना पर लोहिया नगर पुलिस पहुंची। शमशीर के छोटे बेटे मुरसलीन की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उपचार कराने गए थे, चली गई जान
बेटे मुरसलीन का रो-रोकर बुरा हाल है। वह कह रहा था कि पिता का उपचार कराने के लिए गए थे और मां शमशीर की जान चली गई। मौसी और भाई भी घायल हो गए। पिता की तबियत पहले से खराब है और चोट लग गई। पूरा परिवार में गम का पहाड़ टूट गया।
ये भी देखें...
मेरठ: कार ने मारी टक्कर, उछलकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसे दो बाइक सवार, दोनों की मौके पर मौत