हस्तिनापुर के गांव पाली निवासी पूर्व फौजी सतीश रामराज से मेरठ जा रहा था। गणेशपुर गांव के समीप एक रोडवेज बस ने मोटर साइकिल सवार सतीश को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के गांव पाली निवासी 40 वर्षीय सतीश पुत्र बिजेंद्र आर्मी से रिटायर होने के बाद रामराज के पंजाब एंड सिंध बैंक में गार्ड की नौकरी कर रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे रामराज बैंक से वह मेरठ जा रहे थे। जब वह थाना क्षेत्र के गांव गणेशपुर के समीप पहुंचे तो तीव्र गति से आ रही बस ने मोटरसाइकिल सवार सतीश को कुचल दिया। वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। बस चालक मौके से फरार हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने उन्हें समझाते हुए जाम खुलवाया। थाना पुलिस शव को सीएचसी लेकर पहुंची। जब इस बात की सूचना ग्रामीणों को लगी, तो ग्राम प्रधान सहित सैकड़ों ग्रामीण सीएचसी पर पहुंचे।
उधर सतीश की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को लगी तो मातम छा गया और परिवार में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने बताया कि सतीश के दो बच्चे हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। उधर उनकी पत्नी का भी रो-रो कर पूरा हाल है। वह रोते हुए बार बार बेहोश हो रही थीं। कह रही थी कि दोनों बच्चों की शादी तो कर जाते।