पिछले 14 साल में बृहस्पतिवार का दिन सबसे सर्द रहा है। चौधरी चरण सिंह विवि के मौसम वेधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि आगामी पांच दिन तक कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। वेस्ट यूपी में सुबह और शाम घना कोहरा छाया रहेगा। आगामी दिनों में सर्दी और कोहरा और बढ़ेगा।
उधर, बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने सभी स्कूलों के समय में बदलाव किया है। इसके तहत अब जिले के सभी स्कूलों में नर्सरी से बारहवीं कक्षा तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगी। यह आदेश बेसिक शिक्षा परिषद, मदरसा बोर्ड, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध जिले के सभी स्कूलों में अग्रिम आदेश तक प्रभावी रहेगा।
ये भी देखें...
Meerut: शताब्दी नगर में कई घरों पर लगाए पलायन के पोस्टर, युवती से छेड़छाड़ को लेकर हुए विवाद में नया मोड़
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार ठंड और कोहरा आने वाले दिनों में बना रहेगा। सुबह के समय कम तापमान और घना कोहरा बच्चों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा था। सुबह जल्दी घर से निकलने पर सर्दी-खांसी जैसी बीमारियां बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसे में स्कूलों के समय में किए गए इस बदलाव से छात्रों को काफी राहत मिलेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षाएं या अन्य निर्धारित परीक्षाएं पुरानी समय-सारिणी के अनुसार ही आयोजित होंगी। सभी स्कूल प्रबंधनों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
300 से नीचे आया मेरठ का एक्यूआई
दिसंबर माह में लगातार खराब चल रही मेरठ की हवा में थोड़ा सुधार हुआ है। एक्यूआई का लेवल बृहस्पतिवार को 302 से गिरकर 243 दर्ज किया गया है। थोड़ा सुधार के साथ एक्यूआई कम हुआ है। जब तक हवा तेज या फिर बारिश नहीं होगी तब तक एक्यूआई खराब श्रेणी में रहेगा। इसके अलावा गंगानगर 192, जयभीम नगर 259, पल्लवपुरम 279, दिल्ली रोड 277, बेगमपुल 295 दर्ज किया गया है।