मेरठ में टीकाकरण के लिए रविवार सुबह 10 बजे से 18 वर्ष से 44 वर्ष तक के लोग ऑनलाइन पंजीकरण करके अपना स्लॉट ले सकते हैं। मेरठ को इस सप्ताह टीकाकरण के लिए 35400 डोज मिली हैं। पंजीकरण करने पर अगर आपके मोबाइल नंबर पर चार नंबर का ओटीपी प्राप्त नहीं होता है तो उनको टीकाकरण में शामिल नहीं किया जाएगा। 26 केंद्रों पर कोविशील्ड और पांच केंद्रों पर कोवैक्सीन लगाई जाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया कि 18 वर्ष से 44 वर्ष के लाभार्थियों के लिए इस सप्ताह कुल 30 हजार कोविशील्ड एवं 5400 कोवैक्सीन की डोज प्राप्त हुई है। प्रतिदिन 5900 लाभार्थियों को टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
रविवार सुबह 10 बजे से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद अपने स्लॉट जिनकी संख्या पूरे जनपद मेरठ में 31 केंद्रों पर है, टीकाकरण के लिए बुक करें। स्लॉट पंजीकरण से पहले प्रत्येक दशा में आरोग्य सेतु या कोविन डॉट जीओवी डॉट इन पर पंजीकरण अनिवार्य है। 18 से 44 साल तक के केवल यूपी के नागरिकों को ही टीका लगाया जाएगा।
77 फीसदी युवाओं ने लगवाया टीका
जिले में शनिवार को 77 फीसदी युवाओं ने और 32 फीसदी 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों ने टीकाकरण कराया। युवाओं का 23 केंद्रों पर टीकाकरण हुआ। 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों के लिए 53 केंद्रों पर 4300 टीकाकरण का लक्ष्य था। इनमें 1384 ने यानी 32 फीसदी ने टीकाकरण कराया।