रैपिड ट्रेन में सफर का आनंद लेते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ से दिल्ली सराय काले खां तक नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है। इससे दिल्ली जाने वाली सड़कों पर प्रतिदिन एक लाख से अधिक वाहनों का दबाव कम होगा। अब निजी वाहनों में दिल्ली जाने वाले लोग मोदीपुरम से ही नमो भारत में यात्रा कर सकेंगे।
इस सुविधा से मेरठ, खतौली और मुजफ्फरनगर के यात्रियों को लाभ मिलेगा। पहले मेरठ साउथ तक प्रतिदिन 50 से 60 हजार यात्री यात्रा करते थे। रैपिड कॉरिडोर का 26 किमी खंड भी रविवार से संचालित हो गया है। कुल 82 किमी लंबा कॉरिडोर शाम छह बजे से पूरी तरह चालू हो गया। मोदीपुरम से दिल्ली सराय काले खां तक नमो भारत ट्रेन दौड़ रही है। वहीं, मोदीपुरम से मेरठ साउथ तक मेट्रो ट्रेन का संचालन हो रहा है। इससे मेरठ से गाजियाबाद-दिल्ली के बीच लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी।
पर्यावरण और यात्रियों को लाभ
नमो भारत ट्रेन के संचालन से मेरठ के पर्यावरण को भी फायदा होगा। मेरठ पहले प्रदूषित शहरों में शामिल रहा है, अब प्रदूषण में कमी की उम्मीद है। मुजफ्फरनगर के लोग मोदीपुरम स्टेशन से दिल्ली जा सकेंगे। बेगमपुल, शताब्दीनगर और मेरठ साउथ से भी यात्री नमो भारत ट्रेन से यात्रा कर पाएंगे। एनसीआरटीसी के अधिकारियों को प्रतिदिन एक लाख यात्री मिलने की उम्मीद है।