मेरठ। आईजीआरएस पोर्टल पर मिलने वाली शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में मेरठ रेंज ने दिसंबर में पहला स्थान हासिल किया है। साथ ही रेंज के जनपद बागपत और हापुड़ ने प्रथम स्थान पाया है। डीआईजी ने रेंज के सभी जिलों के एसपी और एसएसपी को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का समय से पारदर्शिता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि जनसुनवाई समन्वय शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) में दिसंबर- 2024 की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट मिली है। जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दिसंबर में जो शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए उनका निर्धारित समय में विधि पूर्वक निस्तारण किया गया। मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश के परिक्षेत्रों की रैकिंग में मेरठ परिक्षेत्र ने प्रथम रैंक प्राप्त की है। प्रदेश के जिलों की रैंकिंग में रेंज के जनपद बागपत एवं हापुड़ नें भी प्रथम रैंक हासिल की है।
डीआईजी ने बताया कि रेंज के सभी जनपदों में कानून व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा को शीर्ष प्राथमिकता दिए जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एंटी रोमियो स्क्वाड को निरंतर क्रियाशील रहते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।