एमएलसी चुनाव में आननफानन में सपा कार्यकर्ता वीरेंद्र यादव को भाजपा ज्वाइन कराकर प्रत्याशी बनाने और अगले दिन ही प्रत्याशी के वापस सपा में जाने पर जांच बैठ गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने प्रदेश उपाध्यक्ष शिव प्रताप शुक्ल को जांच सौंपते हुए छह मार्च तक रिपोर्ट प्रांतीय नेतृत्व को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इस मामले में क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह द्वारा पहले ही जिला पंचायत सदस्य विक्की तनेजा और जिला महामंत्री दिनेश खटिक को नोटिस जारी किया जा चुका है। लेकिन नोटिस जारी करने के बाद पार्टी में कलह और ज्यादा बढ़ गई। जिला महामंत्री दिनेश खटिक आदि जहां प्रदेश प्रभारी ओम माथुर से मिले और अपनी बात रखी।
वहीं पूर्व पार्षद हरिकिशन गुप्ता के साथ भी कुछ नेता मंगलवार को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश प्रभारी ओम माथुर से मिलने गए। लेकिन मुलाकात न होने पर ये लोग शिकायती पत्र देकर लौट आये।