मेरठ के चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी परिसर में छात्र आर्यन राणा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार रात पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर अक्षय बैंसला की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
घटना मंगलवार देर रात की है। सहारनपुर के मोहडा निवासी आर्यन राणा गंगानगर स्थित एफआईटी कॉलेज में बीसीए की पढ़ाई कर रहा है। पीड़ित के अनुसार, परतापुर क्षेत्र निवासी अक्षय बैंसला ने उसे फोन कर सीसीएसयू परिसर में बुलाया और वहां शराब पीने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
यह भी पढ़ें: Meerut: मरीज को भर्ती न करने का आरोप, मेडिकल कॉलेज के पार्क में पिता ने बेटे को फीडिंग ट्यूब से पिलाया दूध
इसी दौरान उस पर तमंचे से गोली चलाई गई और चाकू से हमला किया गया। आरोपियों ने आर्यन से तीन हजार रुपये और मोबाइल फोन भी लूट लिया और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। हमले में आर्यन के एक कान की सुनने की क्षमता प्रभावित होने का भी आरोप है।
घटना के बाद मेडिकल थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अक्षय बैंसला, विक्रम मावी, दक्षपुरी समेत पांच से सात अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट सहित कुल नौ संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।