भाई के साथ मेडिकल थाने पहुंची कर्ण की मां
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ में छह साल के कर्ण के लिए मेडिकल पुलिस फरिश्ता बन गई। यह बच्चा पैर में चोट लगने से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। हालत भी ऐसी कि जरा सी देरी हो जाती तो उसका एक पैर काटना पड़ जाता। कर्ण के पिता को पत्नी से मारपीट के चलते पुलिस ने थाने में बैठा लिया था, लेकिन बच्चे की हालत देखते हुए पुलिस ने न सिर्फ उसके पति को छोड़ा, बल्कि बच्चे के लिए खून की व्यवस्था भी कराई।
हापुड़ के गढ़ थाना क्षेत्र के अटसेनी गांव निवासी चरण सिंह पेशे से मजदूर है। कुछ दिन पहले चरण के छह साल के बेटे कर्ण को जीने से गिरने पर चोट लग गई थी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने पर मासूम का इलाज नहीं हुआ तो एक पैर की स्थिति बिगड़ गई। परिजनों ने बच्चे को तीन दिन पहले मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया।
बुधवार को बच्चे को खून की जरूरत थी, इसके लिए पिता चरण और मां कृष्णा ने खूब प्रयास किया, लेकिन कहीं ब्लड नहीं मिला। इस दौरान दंपती में कहासनी हो गई। जिसके बाद चरण ने पत्नी कृष्णा के साथ मेडिकल कॉलेज में ही मारपीट कर दी। सूचना पर पुलिस चरण को ले गई और थाने में बैठा लिया।