थाना परतापुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को परतापुर थाना क्षेत्र के इंदिरापुरम स्थित पीर वाली गली में रोहित कसाना के भाई कुलदीप के साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर उसे घायल कर दिया था। रोहित कसाना की तहरीर पर पुलिस ने शिवांश उर्फ चिंटू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत परतापुर पुलिस ने 10 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर शताब्दीनगर निवासी शिवांश उर्फ चिंटू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने घटना में प्रयुक्त तमंचे की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की रात पुलिस टीम शिवांश को लेकर एलएनटी के पास स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में पहुंची। वहां तमंचा बरामद कराने के दौरान शिवांश ने अपने साथी अभिषेक को पुलिस टीम पर फायरिंग करने के लिए आवाज लगाई। इसी दौरान मौके पर मौजूद अभिषेक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। अभिषेक के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर और एक खोखा कारतूस बरामद किया। वहीं शिवांश की निशानदेही पर एक अन्य तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। इसके अलावा अभिषेक की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवांश उर्फ चिंटू (22) पुत्र सतीश और अभिषेक (23) पुत्र सुंदरपाल निवासी शताब्दीनगर थाना परतापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शिवांश के खिलाफ परतापुर थाने में पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है। सीओ ब्रह्मपुरी रामप्रकाश ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी देखें...
मेरठ: घरों में चोरी करने वाला 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, बाइक फिसलने से गिरने पर पकड़ा, नगदी-जेवर बरामद