लखनऊ में हुई यूपी पुलिस की वार्षिक प्रतियोगिता में कंप्यूटर ऑपरेटर सन्नी मलिक ने जीता स्वर्ण पदक
हेड कांस्टेबल ओमबीर सिंह ने दो रजत पदक नाम किए
प्रदेश के 12 जोन की पुलिस टीमों ने किया प्रतिभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लखनऊ में आयोजित यूपी पुलिस की 69वीं वार्षिक वैज्ञानिक अनुसंधान, पुलिस फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, कंप्यूटर, डॉग स्क्वाड एवं एंटी सेबोटाज चेक प्रतियोगिता में मेरठ पुलिस ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रदेश के 12 जोन की टीमों के बीच हुई प्रतियोगिता में मेरठ की टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और फोटोग्राफी में प्रथम स्थान हासिल कर विजेता शील्ड अपने नाम की।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि मेरठ की टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रोफेशनल पुलिस फोटोग्राफी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में फील्ड यूनिट में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर सन्नी मलिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। हेड कांस्टेबल ओमबीर सिंह ने दो रजत पदक अपने नाम किए।
वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी प्रतियोगिता में पुलिसकर्मियों की तकनीकी और विवेचनात्मक दक्षता को परखा गया। पुलिस फोटोग्राफी में घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को वैज्ञानिक तरीके से दर्ज करने की क्षमता का परीक्षण किया गया। एसएसपी ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को बधाई दी। एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों का इस तरह की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन उनकी तकनीकी दक्षता और पेशेवर क्षमता को दर्शाता है।