क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को साथ लेकर सूर्या प्लाजा में चार दुकानों में छापा मारा। यहां से चार कारीगरों समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने चारों दुकानों से 45 से ज्यादा मोबाइल, लैपटॉप, कम्प्यूटर, आईएमईआई बदलने वाली मशीनें बरामद कीं। कुछ लोगों ने सादे कपड़ों में तैनात क्राइम ब्रांच के एक सिपाही से हाथापाई कर दी।
पुलिस की कार्रवाई के विरोध में सूर्या प्लाजा व्यापार मंडल के अध्यक्ष मो. नईम व अन्य व्यापारियों ने हंगामा किया। पुलिस पर कार्रवाई के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न और अवैध वसूली का आरोप लगाया। देखते ही देखते सूर्या प्लाजा की 80 से 90 दुकानें बंद हो गईं।
हंगामे की सूचना पर एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह, सीओ सिविल लाइन हरिमोहन सिंह सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला, इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट नजीर अली पहुंचे। हापुड़ अड्डे पर तैनात आरएएफ भी पहुंच गई। एसपी सिटी ने व्यापारियों से कहा कि पुलिस किसी निर्दोष को गिरफ्तार नहीं करेगी। साक्ष्य के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
चोरी के हैं मोबाइल
शहर में कई जगह यह गिरोह सक्रिय है। चोरी और लूट के मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर बदलकर मोबाइल बेचे जा रहे थे। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गये मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। जल्द ही गिरोह का खुलासा किया जाएगा। - अखिलेश नारायण सिंह, एसपी सिटी