सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर मवाना में बड़ा महादेव मंदिर से तहसील तिराहा तक मंगलवार को यात्रा निकालने की अनुमति मांगी गई थी, जो कि नहीं मिली। इसके बावजूद यात्रा निकालने की तैयारी होने पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट है।
सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर गुर्जर गौरव यात्रा निकालने की अनुमति पुलिस और प्रशासन की ओर से आयोजकों को नहीं दी गई है, लेकिन आयोजक मंगलवार को यात्रा निकालने की जिद पर अड़े हैं। इसे लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। यात्रा के आयोजक सपा नेता आकाश गुर्जर की तलाश में पुलिस लगी है। खुफिया तंत्र भी इसे लेकर सक्रिय हो गया है।
विज्ञापन
उधर, पुलिस ने पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सपा नेता मुखिया गुर्जर को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें परीक्षितगढ़ थाने में दर्ज कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जा करने के मामले में गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
दो दिन पहले सपा नेता आकाश गुर्जर ने एसडीएम मवाना के नाम कानूनगो को पत्र दिया था। जिसमें सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर मंगलवार को मवाना में बड़ा महादेव मंदिर से तहसील तिराहा स्थित मिहिर भोज की मूर्ति तक गुर्जर गौरव यात्रा निकालकर कर माल्यार्पण किए जाने की अनुमति मांगी थी। पुलिस प्रशासन द्वारा यात्रा निकाले जाने के लिए अनुमति नहीं दी गई।
पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सपा नेता मुखिया गुर्जर ने भी हर हाल में यात्रा निकालने की बात कही थी। इस पर पुलिस प्रशासन ने आयोजकों की निगरानी बढ़ा दी। यात्रा आयोजक आकाश गुर्जर की तलाश में भी पुलिस लगी रही।
एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यात्रा निकाले जाने के लिए किसी को कोई अनुमति नहीं मिली है। सीओ मवाना संजय कुमार जायसवाल ने कहा कि यदि बिना अनुमति यात्रा निकाली तो कार्रवाई की जाएगी।
मुखिया गुर्जर को प्रचार करते पकड़ा
परीक्षितगढ़ पुलिस ने सोमवार को दौराला थाना क्षेत्र के सकौती टांडा क्षेत्र से कई थानों की पुलिस के साथ जाकर वहां जनसभा के लिए प्रचार कर रहे पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सपा नेता मुखिया गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। करीब तीन महीने पहले परीक्षितगढ़ थाने पर मुखिया गुर्जर के खिलाफ कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जा करने का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने सोमवार को उसे इसे मामले में गिरफ्तार किया। पुलिस उसे लेकर परीक्षितगढ़ थाने पहुंची। आनन फानन में सीएचसी ले जाकर उनका मेडिकल कराया। इसके बाद चालान कर दिया। पुलिस ने मेरठ लाकर कोर्ट में पेश किया, जहां से जमानत पर उन्हें रिहा कर दिया गया। मुखिया गुर्जर ने मीडिया से कहा कि भाजपा सरकार गुर्जर सम्राट मिहिर भोज की यात्रा नहीं निकालने दे रही है। शासन प्रशासन समाज का उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने मंगलवार को मेरठ कमिश्नरी पर यात्रा सभा की तैयारी कर रखी है।